विधानसभा में बोले अमनमणि, हिस्ट्रीशीटरों से है जान का खतरा

punjabkesari.in Tuesday, Dec 19, 2017 - 08:06 AM (IST)

लखनऊ: निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने विधानसभा में कहा कि उन्हें हिस्ट्रीशीटरों से जान का खतरा है। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

महाराजगंज जिले के नौतनवां से विधायक त्रिपाठी ने कानून व्यवस्था पर चर्चा के दौरान कहा कि गोरखपुर के हिस्ट्रीशीटर मेरे खिलाफ साजिश कर रहे हैं। मुझे मेरी पत्नी की हत्या में फंसाया गया और अब मुझ पर एक लाख रुपए की रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक करियर और परिवार के खिलाफ साजिश की जा रही है। उनकी छवि को धूमिल किया जा रहा है। त्रिपाठी ने कहा कि अगर वह धमकाने वाले व्यक्ति का नाम लेंगे तो उनकी हत्या हो जाएगी। जब सदस्यों ने त्रिपाठी से हिस्ट्रीशीटर का नाम बताने पर जोर दिया तो उन्होंने एक पूर्व विधायक का नाम हिस्ट्रीशीटर के संरक्षक के रूप में लिया।

सदन में मौजूद पूर्व विधायक के पुत्र विनय तिवारी ने इसका विरोध किया। वह इस समय बसपा से विधायक हैं। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सदस्य को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी सुरक्षा बढ़ाने को तैयार है।