भव्य मंदिर निर्माण के लिए केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की विशेष बैठक प्रयाग में आयोजित

punjabkesari.in Tuesday, Jan 02, 2018 - 06:22 PM (IST)

अयोध्याः विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने अयोध्या में विवादित श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की विशेष बैठक आयोजित की है। विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि अयोध्या में विवादित श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, आतंकवाद, लव जेहाद, धर्मांतरण, गौरक्षा, गंगा की अविरलता जैसे विषयों पर केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की बैठक 19 और 20 जनवरी को प्रयाग में आयोजित की गई है। 

उन्होंने बताया कि यह विशेष बैठक वार्षिक कार्यक्रम का हिस्सा है। केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की 2 बैठकें होती हैं। जिसमें माघ में प्रयाग राज में तथा ज्येष्ठ मास में हरिद्वार में आयोजित होती हैं। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष नवंबर माह में कर्नाटक के उड़प्पी में विराट धर्म संसद का आयोजन हुआ था। जिसमें 3 हजार से ऊपर संत-धर्माचार्य तथा 2 लाख रामभक्तों ने धर्म संस्कृति और श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए 18 मार्च से 31 मार्च तक राष्ट्रव्यापी अनुष्ठान का निर्णय लिया था। बैठक में धर्म संसद के निर्णय पर भी व्यापक मंथन संत-धर्माचार्यों द्वारा किया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि संत धर्माचार्यों ने सदैव राष्ट्रहित में आवश्यक कदम उठाए हैं। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की बात हो या हिन्दुओं की धार्मिक व सांस्कृतिक जीवन मूल्यों की सुरक्षा का प्रश्न, संतों का निर्णय ही विहिप के लिए मंत्र बना। संगठन ने अपने तंत्र को खड़ा करके संतों के आवाह्न का हर स्तर पर पालन भी किया है।

उन्होंने बताया कि आगामी मार्च से धर्म संसद द्वारा घोषित धार्मिक कार्यक्रम में लाखों गांवों, नगरों को जोड़ा जाएगा। इस बैठक में शंकराचार्य श्री रामानन्दाचार्य श्री रामानुजाचार्य मण्डलेश्वर श्री महंत, श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष एवं मणिराम दास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास, श्रीराम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य डा. रामविलास दास वेदान्ती, दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास, केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल के सदस्य सियाकिशोरी शरण, महंत कन्हैयादास, विश्व हिन्दू परिषद के महामंत्री चंपतराय, संगठन महामंत्री दिनेश चन्द्र, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, मार्गदर्शक मण्डल के संयोजक जीवेश्वर मिश्र, राजेन्द्र सिंह पंकज, अशोक तिवारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीश सिंह, काशी प्रांत के संगठन मंत्री मुकेश आदि उपस्थित रहेंगे।