स्टेट बैंक की शाखा को चोरों ने बनाया निशाना, दीवार का जंगला उखाड़ घुसे अंदर

punjabkesari.in Sunday, Mar 11, 2018 - 02:26 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश में चोरों का आतंक सिर चढ़ कर बोल रहा है। बेखौफ चोर पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सहारनपुर जिले का है। जहां चोरों ने स्टेट बैंक को निशाना बनाते हुए बैंक के साथ वाली दीवार का जंगला उखाड़कर पूरा बैंक खंगाल डाला। वहीं स्ट्रांग रूम का ताला ना तोड़ पाने के कारण चोरों को खाली हाथ वापस जाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक थाना बेहट इलाके के गांव बबैल गांव का है। यहां स्थित स्टेट बैंक की शाखा में शनिवार को चोरी करने की कोशिश की गई, लेकिन चोर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। सुबह जब बैंक के कर्मचारी काम पर आए तो बैंक में पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने इसकी जानकारी बैंक प्रबंधक को दी। आनन-फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर एसओ एमपी सिंह मौका का मुआयना करने पहुंचे। एसओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज ले लिए गए हैं। पुलिस का मानना है कि चोर गैस सिलेंडर और कटर अंदर नहीं ले जा पाए, जिसके चलते स्ट्रांग रूम का लॉक टूटने से बच गया। वहीं सीओ शिवराज सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गैस सिलेंडर कटर और रस्सा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस बैंक को चोरी का निशाना बनाया गया।