कानपुर देहात जा रहे थे प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, पुलिस ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर ही रोका काफिला

punjabkesari.in Tuesday, Feb 14, 2023 - 04:11 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की जलकर हुई मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी घटनास्थल पर जाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के काफिले को उन्नाव के नवाबगंज टोल प्लाजा पर ही रोक दिया।



पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर काफिले को रोका
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे और पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत 16 पदाधिकारी मंगलवार को लखनऊ से कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र के मडौली गांव के लिए निकले थे। उनके काफिले को नवाबगंज टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वापस लौटने को कहा। मगर कांग्रेस पदाधिकारियों को कहना था कि, वह पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः Kanpur Dehat: मां-बेटी की मौत मामले में SDM समेत कई लोगों पर हत्या की धाराओं में FIR दर्ज



हम पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे-नसीमुद्दीन सिद्दिकी
पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद कांग्रेसी कानपुर देहात जाने पर अड़े हुए थे। इस बीच प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दिकी ने बताया कि,‘‘हम लोग सिर्फ पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे, मगर पुलिस अधिकारियों ने हमारी नहीं सुनी और हमे गिरफ्तार कर लिया है।''

यह भी पढ़ेंः कानपुर घटना पर केशव प्रसाद मौर्य का बयान, कहा- आरोपियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा



जलकर हुई थी मां-बेटी की मौत
गौरतलब है कि कानपुर देहात के मैथा तहसील के मड़ौली गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान जलता छप्पर गिरने से मां बेटी की मौत हो गई थी। इस मामले पुलिस ने SDM मैथा, थानाध्यक्ष और लेखपाल समेत 39 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि SDM मैथा ज्ञानेश्वर प्रसाद, लेखपाल अशोक सिंह, SO रूरा दिनेश गौतम के अलावा गांव के 4 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है जबकि 32 अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।   

Content Editor

Pooja Gill