अदिति के बागी तेवर से कांग्रेस परेशान, बोली- नहीं मिला कोई नोटिस

punjabkesari.in Saturday, Oct 05, 2019 - 11:49 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के एकमात्र बचे गढ़ रायबरेली से पार्टी की विधायक अदिति सिंह के तेवर बागी बने हुए हैं। पार्टी की ओर से मिले कारण बताओ नोटिस का एक तरह से उन्होंने मजाक उड़ाया और सवाल भी खड़ा कर दिया कि कहां है नोटिस।

पार्टी के बहिष्कार के बाद भी महात्मा गांधी की जयंती पर विधानमंडल के विशेष सत्र में भाग लेने वाली अदिति सिंह को कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता ने शुक्रवार को नोटिस भेजकर दो दिन में जवाब मांगा है। इस पर अदिति ने कहा कि उनको कोई नोटिस नहीं मिला है। पार्टी के नेता ने मीडिया में नोटिस दिया होगा। अदिति ने कहा कि विधानसभा के विशेष सत्र में विधायक राजेश सिंह और विधान परिषद के सदस्य दिनेश सिंह भी शामिल हुए थे। पार्टी विधानमंडल दल ने क्या उन्हें भी नोटिस भेजा है।

बता दें कि, विधानसभा के 2 अक्तूबर को 36 घंटे के विशेष सत्र में कांग्रेस के बहिष्कार के बावजूद अदिति ने सदन में पहुंचकर सभी को चौंका दिया था। अदिति ने कहा कि वो एक पढ़ी लिखी विधायक हैं और यहां विकास पर चर्चा हो रही है, इसलिए उन्होंने आना जरूरी समझा।
 

Deepika Rajput