BJP विधायक सुरेंद्र सिंह के बिगड़े बोल- भारत माता की जय नहीं बोलने वाले चले जाएं पाकिस्तान

punjabkesari.in Monday, Feb 26, 2018 - 11:16 AM (IST)

बलियाः बीजेपी विधायक रविवार को एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे, जहां उनके बिगड़े बोल सुनने को मिले। उन्होंने कहा कि जो भारत माता की जय और वंदे मातरम कहने से परहेज करते हैं उन्हें देश में रहने का अधिकार नहीं है, उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो मातृभूमि में पैदा होने के बाद भी अपने देश को मां की श्रेणी में नहीं रखता, उसकी राष्ट्रभक्ति में संदेह है। जो लोग वंदे मातरम और भारत माता की जय कहने से परहेज करते हैं उन्हें राजनीति करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। ओवैसी और आजम खान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग भारत माता को डायन कहते हैं उनके लिए संविधान में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे उनके प्रजातंत्र में चुनाव लड़ने पर रोक लगे।

वहीं विधायक ने खनन माफियाओं का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर पुलिस अवैध वसूली करती है और किसानों और आम जनता को परेशान करती है तो उसके साथ भी वैसा ही बर्ताव करना चाहिए जैसा चोर के साथ होता है।

बता दें कि सुरेंद्र सिंह बलिया जिले की बैरिया विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले भी वह कई बार विवादित बयान दे चुके हैं।