इलाहाबाद में फिर तोड़ी गई भीमराव आंबेडकर की मूर्ति, लोगों में नाराजगी

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 12:50 PM (IST)

इलाहाबादः भीमराव अांबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इलाहाबाद में एक बार फिर बाबा साहेब की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी गई है। वहीं मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक घटना शहर से करीब 45 किमी दूर बहरिया ब्लॉक के चक साधोपुर गांव की है। जहां देर रात को किसी ने मूर्ति के 2 टुकड़े कर फेंक दिए। गांव के लोगों को इसकी जानकारी सुबह हुई। मूर्ति पर किसी वजनदार चीज से हमला कर उसके 2 टुकड़े कर दिए गए थे। गर्दन से ऊपर का आधा हिस्सा नीचे जमीन पर गिरा हुआ था। मूर्ति तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।

हालांकि, प्रशासन ने समझदारी दिखाते हुए जल्द मूर्ति को अस्थाई तौर पर जुड़वा दिया। नाराज लोगों को यह भरोसा दिलाया गया है कि 48 घंटों के अंदर यह टूटी हुई मूर्ति हटवाकर इसकी जगह नई प्रतिमा लगवा दी जाएगी। मूर्ति किसने और किस मकसद से तोड़ी, फिलहाल यह पता नहीं चल सका है। आशंका है कि माहौल खराब करने के लिए किसी ने जान बूझकर इस घटना को अंजाम दिया है। 


 

Deepika Rajput