STF ने एनकाउंटर में ढेर किया ₹1 लाख का इनामी शाहरुख पठान, संजीव जीवा गैंग का खतरनाक शार्प शूटर- कई संगीन मामलों में था शामिल

punjabkesari.in Monday, Jul 14, 2025 - 10:53 AM (IST)

Muzaffarnagr News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। मुजफ्फरनगर में एक मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी और संजीव जीवा गैंग के शार्प शूटर शाहरुख पठान को मार गिराया गया है। शाहरुख पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था और वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। STF ने यह कार्रवाई छपार थाना क्षेत्र के रोहाना मार्ग पर की।

कौन था शाहरुख पठान?
शाहरुख, गैंगस्टर संजीव जीवा का खास शूटर था। वह 2017 में हरिद्वार के कंबल व्यापारी अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। कुछ महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। बाहर आने के बाद भी वह गवाहों को धमकाने और हत्या की कोशिश जैसे मामलों में लिप्त था।

पहले से दर्ज थे कई संगीन केस
शाहरुख के खिलाफ हत्या, रंगदारी, साजिश और गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। 2015 में उसने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर पुलिस हिरासत में ही आसिफ जायदा की हत्या कर दी थी। उसी दौरान वह जेल में रहते हुए संजीव जीवा और मुख्तार अंसारी के संपर्क में आया। 2016 में वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।

फरारी के दौरान की थीं 2 बड़ी हत्याएं
2017 में हरिद्वार में व्यापारी गोल्डी की हत्या –
हत्या संजीव जीवा के इशारे पर की गई थी। गोल्डी असली निशाना नहीं था, हत्या गलती से हुई थी।

2017 में गवाह के पिता यासीन की हत्या –
यह हत्या आसिफ जायदा हत्याकांड के मुख्य गवाह को डराने के लिए की गई थी।

इन घटनाओं के बाद शाहरुख पर 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया था।

मुठभेड़ में क्या बरामद हुआ?
STF ने मुठभेड़ के बाद शाहरुख के पास से एक 30 बोर की विदेशी बरेटा पिस्टल, एक 32 बोर की रिवॉल्वर (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की), एक 9 एमएम की विदेशी पिस्टल, एक बिना नंबर की ब्रेजा कार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

STF की मेरठ यूनिट ने की कार्रवाई
यह मुठभेड़ STF की मेरठ यूनिट द्वारा की गई। यह कार्रवाई राज्य में चल रहे संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान का हिस्सा थी। पुलिस के मुताबिक, शाहरुख ना सिर्फ एक शातिर अपराधी था, बल्कि वह लगातार गैंग के लिए काम करते हुए गवाहों और व्यापारियों को निशाना बना रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static