जमीनी विवाद को लेकर सोनभद्र में एक बार फिर चले लाठी-डंडे, 11 लोग घायल

punjabkesari.in Friday, Aug 09, 2019 - 01:10 PM (IST)

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों से कुल 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। साथ ही मामले की गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया है।

मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली इलाके के बहुअरा गांव का है। यहां आदिवासियों के बीच जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें कुल 11 लोग घायल हो गए। घायलों में मुन्नी लाल पटेल पुत्र जोखन लाल 50 वर्ष, मनोज पुत्र मुन्नीलाल 35 वर्ष, सन्तोष पटेल पुत्र रामलखन 30 वर्ष, अभिषेक पटेल पुत्र स्व.रामलखन 20 वर्ष, राहुल पुत्र नन्दलाल पनिका 18 वर्ष और मीरा पुत्री ननन्दलाल 19 वर्ष शामिल है। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

विवाद के बारे में आदिवासियों ने बताया कि उनका जमीन का विवाद चल रहा था। दूसरे पक्ष के लोग घर पर चढ़कर महिलाओं को लाठी डंडे से मारने पीटने लगे। जिससे यह विवाद और बढ़ गया। उधर, पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी का कहना है कि जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है जिसमें दोनों तरफ से लोग घायल हैं जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर बनती कार्रवाई कर रही है।बता दें कि बीते दिनों सोनभद्र के घोरावल थानाक्षेत्र के उम्भा-सपही गांव में नरसंहार हुआ था। सौ बीघा विवादित जमीन को लेकर गुर्जर और गोड़ बिरादरी में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग के साथ जमकर लाठी-डंडे और फावड़े भी चले। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए थे।

 

 

Ruby