विपक्षी दलों और मतदाताओं के साथ दुश्मनों जैसा बर्ताव करना बंद करे… अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- पीडीए की एकजुटता से डरी सरकार

punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 09:22 PM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ईमानदार होनी चाहिए। भाषा और व्यवहार उचित होना चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता और बढ़ती ताकत से भाजपा डरी हुई है। पीडीए बड़ी ताकत है। जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार है। बीजेपी को सावधानी के साथ सत्ता से बाहर करना है। उसके किसी उकसावे में नहीं आना है।

भाजपा जनता को पिछले एक दशक से छल रही
गुरूवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। भाजपा जनता को पिछले एक दशक से छल रही है। विपक्षी दलों और मतदाताओं के साथ दुश्मनों जैसा बर्ताव करती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है वह अपनों को भी धोखा देने से बाज नहीं आती है। उन्होंने कि उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है। नदियों की सफाई नहीं हुई। पेड़ों की अंधाधुंध कटान और पहाड़ी राज्यों में अनियोजित कार्यों से तबाही के हालात पैदा हो गये हैं।

सरकार बताए कि लोगों की प्रति व्यक्ति आय क्या है?
अखिलेश ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने हिमालय बचाओ अभियान शुरू किया था। उसी नीति पर चलकर इन राज्यों को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को लेकर झूठे दावे किए जा रहे हैं। सरकार बताए कि लोगों की प्रति व्यक्ति आय क्या है? अगर सब कुछ अच्छा है तो कई करोड़ लोगों को मुफ्त राशन क्यों देना पड़ रहा है।

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर सुख समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना
अखिलेश यादव ने इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन ईद ए मिलाद उन नबी पर सभी की सुख समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की है। उन्होंने कहा है कि यह दिन मुहम्मद पैगम्बर के जीवन और उनके द्वारा दी गई शिक्षाओं को याद दिलाता है। उन्होंने सभी से प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static