देवरिया: 30 अप्रैल तक खेतों में नहीं कर सकेंगे स्ट्रॉ-रीपर मशीन का प्रयोग, आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए बरती जा रही सतर्कता

punjabkesari.in Friday, Apr 08, 2022 - 08:49 PM (IST)

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में किसानों की फसल को आग से बचाने के लिये प्रशासन ने फसल कटाई के दौरान स्ट्रा-रीपर मशीन के प्रयोग पर रोक लगा दी है। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को बताया गया कि जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने फसलों को आग से बचाने के लिये गेहूं की फसल की कटाई के दौरान स्ट्रॉ-रीपर मशीन का प्रयोग करने पर 30 अप्रैल तक रोक लगा दी है। इस मशीन के प्रयोग से फसल कटाई के दौरान निकलने वाली चिंगारी से जिले में कुछ जगहों पर आग लगने की घटना सामने आई है।       

जिलाधिकारी निरंजन ने निर्देश दिया है कि जिले में कहीं पर भी फसल कटाई में स्ट्रॉ-रीपर मशीन का प्रयोग पाया जाता है, तो संबंधित एसडीएम और सीओ उस मशीन को जब्त कर लेंगे। निरंजन ने अग्निशमन विभाग के रिस्पांस टाइम को और त्वरित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आग लगने के स्थल पर पहुंचना मुश्किल कार्य होता है। कई बार घटनास्थल काफी दूर एवं रास्ते सँकरे होते हैं। ऐसे में जीपीएस तकनीकी का प्रयोग करके घटनास्थल पर कम समय में पहुंचा जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन किसानों की फसलें आग में जल गई हैं उन्हें 24 घन्टे के भीतर शासन द्वारा अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाये।

Content Writer

Mamta Yadav