CM योगी की सख्ती बेअसर! अब मिर्जापुर में जहरीली शराब पीने से 4 की मौत

punjabkesari.in Monday, Mar 01, 2021 - 12:41 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तमाम सख्ती तथा जिला व पुलिस प्रशासन की धरपकड़ के बाद भी अवैध शराब का धंधा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिसका जीता-जागता उदाहरण मिर्जापुर में देखने को मिला है। जहां देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवढियाघाट गांव में बीती रात जहरीली शराब पीने से चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने सोमवार को यहां कहा कि नेवढियाघाट घाट में बीती रात जहरीली शराब पीने से दो व्यक्तियों की जिला अस्पताल में हुई जिनके नाम छेदी निषाद तथा महेश निषाद हैं। उन्होंने बताया कि दोनों ने शनिवार को शाम को गांव में अवैध शराब बनाने वाले एक व्यक्ति के यहाँ शराब ले कर पी थी। दोनों की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां आज भोर में दोनों की मौत हो गयी। शव पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रविवार को गांव में राजा तिवारी और सुरेश मिस्त्री 50 की भी मौत हुई है। दोनों शराब पीने के आदि रहे हैं। दोनों के शवो का अन्तिम संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार के लोगों द्वारा बताये जाने पर पुलिस ने गांव के काशी नाथ नामक व्यक्ति को अवैध शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसके घर से अवैध के 250 पाउच शराब और शराब बनाने का उपकरण बरामद किया है।

कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र सहित जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मौके पर निरीक्षण किया। पूरे गाँव मे पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्र ने बताया कि जांच के आदेश दिए गए हैं। शराब बनाने वाले के खिलाफ रासुका लगाया जाएगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static