छेड़छाड़ का विरोध करना छात्रा को पड़ा भारी, मनचलों ने मारी गोली

punjabkesari.in Tuesday, Dec 26, 2017 - 04:16 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश में छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए सीेएम योगी ने एंटी रोमियो स्क्वॉयड का गठन किया था। लेकिन आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं देखकर योगी का यह अभियान फेल होता नजर आ रहा है। इसी क्रम में ताजा मामला मथुरा का है, जहां स्कूल जाते समय कुछ मनचलों ने एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के विरोध करने पर मनचलों ने उसे गोली मार दी। 

जानकारी के अनुसार मामला मथुरा के थाना हाईवे इलाके का है। यहां के मनचलें कुछ दिनों से एक छात्रा को परेशान करते थे। जिस से तंग आकर छात्रा को उसकी मां स्कूल छोड़ने जाया करती थी। मंगलवार को छात्रा अकेले ही स्कूल जाने के लिए निकली। इस दौरान जितेंद्र नामक मनचलें ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो मनचलों ने छात्रा को गोली मार दी। गोली मारने के बाद मनचलें घटनास्थल से फरार हो गए।

उधर, गोली की अवाज सुन कर स्थानीय लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। आनन-फानन में लोगों ने छात्रा के परिजनों को सूचित किया। साथ ही घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। 

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। सवाल पूछने पर हमेशा की तरह रटा-रटाया जवाब मिला कि पुलिस मामले की जांच करेगी। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।