अपनी जान पर खेलकर डूबती हुई महिला को छात्र ने बचाया, सुसाइड के इरादे से गंगनहर में लगाई थी छलांग

punjabkesari.in Friday, Dec 30, 2022 - 05:57 PM (IST)

Meerut: 'जाको राखे साइयां तो मार सके ना कोए' इस कहावत को सच साबित करता हुआ एक मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आया है। जहां एक महिला ने सुसाइड करने के इरादे से गंग नहर में छलांग लगा दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक महिला डूबने लगी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चीख पुकार मचाई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 12वीं के छात्र ने महिला की जान बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। उसके बाद छात्र ने महिला को नहर से तैर कर बाहर निकाला। जिससे छात्र की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।



छात्र ने गंग नहर में कूदकर बचाई महिला की जान
जानकारी के मुताबिक, थाना बालैनी गांव नंगला जिला बागपत निवासी एक महिला गुरुवार शाम को गंगनहर पुल के पास घूम रही थी। जहां से अचानक महिला ने गंगनहर में छलांग लगा दी। वहीं, यह घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और लोग एक-दूसरे को महिला को बचाने के लिए कहने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक 12वीं के छात्र आकाश ने महिला डूबते देखा तो जान की परवाह किए बगैर गंगनहर में छलांग लगा दी। जिसके बाद वहां पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।



जानें क्यों गंग नहर में कूदी महिला?
इसके कुछ समय पश्चात ही आकाश महिला को सही सलामत गंगनहर से निकालकर बाहर ले आया। वही, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का प्राथमिक उपचार करवाने के बाद उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजेश कंबोज ने बताया कि महिला की पुत्री का विवाह गांव कलंजरी में हुआ है। वह पुत्री से मिलने आई थी।

इसी दौरान महिला का किसी बात को लेकर पुत्री से विवाद हो गया। इसी बात से गुस्साए महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि आकाश पुत्र सुरेश गुर्जर गांव नेक का रहने वाला है। 

Content Editor

Harman Kaur