प्रयागराज में पुलिस पर तेजाब से हमला, 2 दारोगा और 2 सिपाही झुलसे
punjabkesari.in Saturday, Aug 03, 2019 - 10:24 AM (IST)
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक ने पुलिस पर तेजाब से हमला कर दिया। इस घटना में 2 दारोगा और 2 सिपाही झुलस गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मामला शिवकुटी के गोविंदपुर क्षेत्र का है। यहां राजू सिन्हा पारिवारिक विवाद के चलते अपने पिता, मां और भाई को कमरे में बंदकर उनके साथ मारपीट कर रहा था। आरोपी के पिता ने डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में बंद लोगों को छुड़ाने का प्रयास किया। जैसे ही पुलिस घर में घुसी आरोपी युवक ने डब्बे से तेजाब पुलिस पर फेंक दिया, जिसमें दो दरोगा और दो सिपाही झुलस गए।
झुलसे पुलिसकर्मियों ने और फोर्स बुलाई। एसपी सिटी खुद मोर्चा संभालकर यहां डट गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद पहले घर के अन्य लोगों को निकाला और फिर आरोपी युवक को कंबल ओढ़ा कर दबोच लिया गया। वहीं इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।