जम्मू के उड़ी में हुए आतंकी हमले में शहीद हुआ अलीगढ़ का लाल

punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2017 - 09:41 AM (IST)

अलीगढ़: अलीगढ़ का लाल जम्मू-कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गया। रविवार को शहीद सुभाष का शव थाना खैर के एदलपुर गांव लाया गया। प्रदेश सरकार के मंत्री और जिला प्रशासन की मौजूदगी में शहीद सुभाष को नम आंखों से विदाई दी गई।

जानकारी के मुताबिक एदलपुर निवासी सुभाष चंद्र 1999 में जबलपुर में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। 2015 में नौकरी पूरी होने के बाद 4 वर्ष का सेवा विस्तार लिया था। उड़ी सेक्टर में ड्यूटी के दौरान आतंकी हमले में सुभाष की मौत हो गई। फौजी सुभाष की मौत से गांव में शोक की लहर है।

सीएम योगी के निर्देश पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा शहीद के गांव पहुंचे। मंत्री ने सीएम की तरफ से 20 लाख रुपए पत्नी व बच्चों के लिए दिए। साथ ही माता-पिता को 5 लाख रुपए दिए गए हैं। इसके साथ ही उनके गांव को जाने वाले मार्ग का नामकरण शहीद फौजी सुभाष चंद्र के नाम पर किया जाएगा।  ​