सुभासपा ने राजग से तोड़ा नाता, राजभर ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2019 - 04:43 PM (IST)

बलियाः एक लंबे इंतजार के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से नाता तोड़कर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लडऩे की घोषणा की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्य्क्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि रसड़ा में पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी।

आपात बैठक में भाजपा और राजग से नाता तोड़कर पूर्वी उत्तर प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनकी पार्टी के लिए केवल घोसी संसदीय सीट छोड़ी थी। उस पर भी यह शर्त थी कि उनके प्रत्याशी को भाजपा के चिन्ह पर चुनाव लड़ना होगा। सुभासपा के अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा से अपने को अलग करने का एलान करती है। पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी और पूर्वांचल की 25 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। चुनाव में पार्टी का मुद्दा पूर्ण शराबबन्दी, गरीबों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था और पूर्वांचल राज्य की स्थापना होगा।  

उन्होंने कहा ‘‘मैंने कल देर रात मुख्यमंत्री के निजी सचिव को अपना इस्तीफा भेज दिया है।’’ वह रविवार शाम को मुख्यमंत्री के पास मंत्री पद से अपना इस्तीफा देने गये थे। उनके सचिव ने इस्तीफा लेने से यह कहकर इनकार कर दिया कि मुख्यमंत्री सोए हुए हैं। आप अपना इस्तीफा मुखयमंत्री को दें। मै अपना इस्तीफा सचिव के पास ही छोड़ दिया है।  राजभर ने कहा, ‘‘हमने समय-समय पर अपमान के बाद भी राजग में तालमेल बिठाने की कोशिश की है, लेकिन अब बहुत हो गया, हम भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि एक या दो दिन के भीतर सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।

Ruby