सुभासपा की प्रदेश महासचिव नंदनी राजभर की हत्या, आरोपियों ने घर में घुसकर मारा चाकू

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2024 - 11:33 AM (IST)

UP Crime News: उत्तर प्रदेश में सुहेलदेव समाज पार्टी की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार को दिनदहाड़े कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की है।


यह पूरी घटना खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के डीघा बायपास की है। यहां पर सुभासपा की महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर का शव उसके घर में कमरे में खून से लथपथ मिला। उनके गले पर तेज धार से हमला किया गया था। बताया जा रहा है कि यह हत्या जमीनी विवाद के चलते की गई है। हत्या को अंजाम रविवार शाम तीन से चार बजे के बीच में दिया गया है। कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके घर में घुसकर उन्हें मौत के घाट उतारा है।


आरोपियों ने घर में घुसकर की हत्या
जानकारी के मुताबिक, नंदिनी को कुछ दिनों से धमकी मिल रही थी। इससे वह तनाव में भी थी। नंदिनी की सास ने बताया कि कल जब वह शाम करीब चार बजे घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से खुला था। वह अंदर पहुंची और नंदिनी को आवाज देने लगीं लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वह नंदिनी के कमरे में गईं तो वहां अंधेरा था और वह बेड के पास फर्श पर सोई दिखी। उन्होंने आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं आया तो वह उसके पास गई और सिर पकड़ कर उठाने की कोशिश की तो वह मृत मिली। उनकी मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।  

Content Editor

Pooja Gill