NIA द्वारा अमरोहा से गिरफ्तार किया सुहेल रहा देवबंद मदरसे का छात्र

punjabkesari.in Sunday, Dec 30, 2018 - 10:07 AM (IST)

सहारनपुरः राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा हाल ही में अमरोहा से गिरफ्तार किया मोहम्मद सुहेल देवबंद के दीनी मदरसे का छात्र रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सहारनपुर जिला पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग इस सूचना के मिलने के बाद सतर्क हो गया है और उसके बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने में लगा है। 

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक स्लीपर मॉड्यूल को लेकर सहारनपुर जिला हमेशा से चर्चाओं में रहा है। पिछले साल अक्टूबर में कोलकाता पुलिस ने दिल्ली से बंग्लादेशी युवक रजाउल रहमान की गिरफ्तारी की थी। वह भी काफी समय तक देवबंद में रहा था। इसी तरह उत्तर प्रदेश के एटीएस ने देवबंद क्षेत्र के भनेड़ा गांव में अवैध रूप से रह रहे बंग्लादेशी युवकों इमरान, फिरदोश और रजीमुद्दीन की गिरफ्तारी लखनऊ के चार बाग स्टेशन से की थी। 

सूत्रों के अनुसार देवबदं से चार माह पूर्व म्यांमार निवासी युवक जुनेद को फर्जी पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया था। वह 11 साल से देवबंद के एक मदरसे में शिक्षा ले रहा था। छह सितंबर 2015 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से हिजबुल आतंकी ऐजाज शेख को भी गिरफ्तार किया था। वर्ष 2016 में दिल्ली पुलिस ने देवबंद से अब्दुल्ला अलमामुन नामक बंग्लादेशी आतंकवादी संगठन के सदस्य की देवबंद से ही गिरफ्तारी की थी।  एनआईए की ताजा धरपकड़ के बाद खुफिया एजेंसियां सहारनपुर मंडल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खास सतर्कता बरत रही है।  

Ruby