शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैय्या राणा ने की राजनीतिक पारी की शुरूआत, थामा सपा का दामन

punjabkesari.in Tuesday, Dec 29, 2020 - 04:29 PM (IST)

लखनऊ: मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैय्या राणा ने आज समाजवादी पार्टी का हाथ थाम लिया। इनके अलावा गोंडा के बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मसूद आलम और बसपा के मुख्य को ऑर्डिनेटर रमेश गौतम समेत कई प्रमुख नेता सपा में शामिल हो गए हैं। नेताओं के पार्टी में शामिल होने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार ऐतिहासिक बदलाव होने वाला है। वहीं 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए छोटे दलों से तालमेल की गुंजाइश रखेंगे।


अखिलेश ने प्रेस वार्ता में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अन्याय- अत्याचार की सीमा पार कर दी है। कोई भी आवाज़ उठाता है, तो उसकी आवाज़ दबाने का काम सरकार कर रही है। यह सरकार जाएगी तभी लोकतंत्र बचेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर एनआरसी पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अर्थव्यवस्था को खराब कर दिया है। सरकार किसानों को धोखा दे रही है। हाथरस मामले पर सरकार झूठी साबित हुई है। भाजपा सपा के कार्यों पर ही काम कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार का अपना विजन नहीं है तभी गोरखपुर में मेट्रो नहीं बन पा रही। बाकी जगह सपा के विजन पर मेट्रो बन रही।

बता दें कि लखनऊ के घंटाघर पर सीएए-एनआरसी में सुमैया राणा ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने योगी सरकार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। इसी साल नवंबर महीने में उन्हें घर पर नजरबंद कर दिया गया था।

 

Umakant yadav