Sundarlal Dixit: भाजपा के पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित का निधन, CM योगी समेत BJP नेताओं ने जताया शोक

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 11:58 PM (IST)

बाराबंकी/लखनऊ, Sundarlal Dixit: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक सुंदरलाल दीक्षित का शनिवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 80 वर्ष थी। पूर्व विधायक के पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह दीक्षित घर पर सीढ़ियों से फिसल कर गिर गए थे और उन्हें सिर में गंभीर चोट आई थी। दीक्षित को लखनऊ के लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- 15 जनवरी को क्यों मनाई जाएगी मकर संक्रांति? जानिए सही तिथि और शुभ मुहूर्त, ये करें दान


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा नेताओं ने पूर्व विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी पूर्व विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया। लखनऊ में भाजपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सुंदरलाल दीक्षित के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करके ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं ।

यह भी पढ़ें- दिवंगत होमगार्ड जवान के परिजनों को CM योगी ने सौंपा 34 लाख का चेक, रायबरेली पहुंचे SP प्रमुख ने सरकार पर साधा निशाना... पढ़ें आज की 10 बड़ी खबरें


उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त किया। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि बाराबंकी से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हैदरगढ़ से तीन बार विधायक रहे सुंदर लाल दीक्षित के निधन का समाचार भाजपा परिवार के साथ साथ जनपदवासियों के लिए दुखद है। उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई,भागवान से प्रार्थना है कि वह पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।

Content Writer

Mamta Yadav