उप्र में धूप, धूल भरी हवाओं ने किया बेहाल, बादलों की आवाजाही जारी

punjabkesari.in Saturday, Jun 16, 2018 - 04:41 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में धूल भरी हवाओं ने मौसम को बेरूखा किये रखा। तेज धूप और उमस से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कही तेज आंधी के साथ आयी बौछारों ने लोगों को थोड़ी राहत पहुंचायी। फैजाबाद मंडल में तापमान में कोई परिवर्तन नही रहा। तेज हवाओं के कारण गोरखपुर मंडल में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि प्री मानसूनी परिस्थितियां पूर्वांचल में बारिश करा रही हैं। मानसून आने का इन्तजार है।

सूत्रों ने बताया कि आने वाले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में धूल भरी आंधी आने की संभावना है। प्रदेश में इटावा तथा फतेहगंज में तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बनी रही। सुबह से ही पसीने -पसीने हो रहे लोग शाम तक राहत की आस खोजते रहे। हालांकि दोपहर में तेज गति से हवाएं चलीं और धूल भरी आंधी सा अहसास रहा। 15 जून तक मानसून को पूर्वांचल में दस्तक देना था लेकिन अब सप्ताह भर बाद ही मानसून गति पकडऩे का अंदेशा जता रहे हैं।

राजधानी में मौसम गर्म बना हुआ है। सुबह बदली से कुछ समय के लिए ही मौसम सुहावना रहा, लेकिन दिन चढऩ़े के साथ ही धूप तेज होती गई। गर्म हवाएं लू जैसा अहसास करा रहीं थीं। प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩ़े की उम्मीद है।  

Tamanna Bhardwaj