रेलवे ने पिछले 5 वर्षों की अपेक्षा UP को 3 गुना ज्यादा का बजट किया आबंटित: प्रभु

punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2016 - 09:04 AM (IST)

बरेली: रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के लिए रेलवे द्वारा पिछले 2 वर्षों के दौरान 43,453 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में पिछड़ा है। इस प्रदेश के विकास के बिना देश आर्थिक उन्नति नहीं कर सकता। रेलवे द्वारा प्रदेश के लिए पिछले 5 वर्षों की अपेक्षा 3 गुना ज्यादा धन आबंटित किया गया है।

यूपी को 3 गुना ज्यादा का बजट किया आबंटित
वर्ष 2009-10 से 2014-15 तक औसत बजट आबंटन 1109 करोड़ रुपए किया गया था। वर्ष 2014-15 से 2016-17 तक औसत बजट आबंटन 3405 करोड़ रुपए किया गया है। पिछले 2 वर्षों में औसत बजट आबंटन पिछले 5 वर्षों के औसत से 3 गुना यानी ज्यादा है। वर्ष 2016-17 में कुल 4,923 करोड़ रुपए का आबंटन किया गया। रेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में यात्री सुविधा के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है जिससे सभी की यात्रा सुखद, सुरक्षित एवं आरामदेह हो।

प्रभु ने बरेली स्टेशन को दी ये सौगातें
प्रभु ने यहां पूर्वोत्तर रेलवे के बरेली सिटी स्टेशन पर आयोजित समारोह में बरेली सिटी स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार एवं उन्नत यात्री सुविधाओं, इज्जत नगर मंडल के 11 स्टेशनों पर पाइप्ड जल आपूर्ति, बिल्हौर, बर्राजपुर और कायमगंज स्टेशनों पर पैदल उपरिगामी पुलों का लोकार्पण एवं इज्जत नगर स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार का शिलान्यास फलक का अनावरण किया। समारोह की अध्यक्षता वित्त राज्य मंत्री, केन्द्र सरकार संतोष कुमार गंगवार ने की।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें