प्रयागराज में बोले सुशील मोदी- BJP की लोकप्रियता से सहमे हैं विपक्षी दल

punjabkesari.in Friday, Feb 01, 2019 - 11:55 AM (IST)

प्रयागराजः बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता से बौखलाया विपक्ष एक छत के नीचे आने को विवश हो रहा है। संगम की रेती पर गुरूवार को संपन्न भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा के सेक्टर संयोजको की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा केन्द्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के गठन का संकल्प लिया गया।

कुंभ क्षेत्र के सेक्टर छह स्थित भाजपा शिविर में काशी क्षेत्र के सुलतानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, फूलपुर एवं प्रयागराज लोकसभाओं के संयोजकों की बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता से विपक्ष में भय का माहौल व्याप्त है। अवसरवादी बेमेल गठबंधन करके भाजपा को विजय से रोक नहीं सकते हैं। भाजपा के नेता और नीति को जनता का समर्थन प्राप्त है। ईवीएम मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब विपक्षी पार्टियों को ईवीएम से होने वाले चुनाव में विजय मिलती है तब वह ईवीएम का विरोध नहीं करती हैं लेकिन चुनाव हारने पर सारा दोष ईवीएम पर मढ़ देतीं हैं।  

उन्होंने कहा कि निसन्देह ही ईवीएम के चलते चुनाव प्रक्रिया आसान और निष्पक्ष हुई है। बूथ कैप्चरिंग समाप्त हुई और बाहुबल से चुनाव जीतने वालों को गहरा धक्का लगा है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सौ में साठ हमारा है बाकी में बंटवारा है। उन्होंने कहा लगता है कि उत्तर प्रदेश में आगामी लोकसभा का चुनाव योगी बनाम ढोंगी होगा। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल रहा है जिसके फलस्वरूप जनता का आशीर्वाद भाजपा को प्राप्त होगा। 

इस दौरान केशव मौर्य ने कहा कि खनन घोटाला खुलने पर भ्रष्टाचारी डरे सहमे हुए हैं। अखिलेश सरकार सैफई महोत्सव करवाती रही जबकि योगी सरकार में कुंभ महोत्सव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि योगी एवं मोदी ने जनता के लिए कुछ ना किया होता तो सारा विपक्ष एक ना हो गया होता।  

Ruby