सुषमा स्वराज बेहद गर्मजोश व सभी को प्यार करने वाली इंसान थीं : हेमामालिनी

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2020 - 06:57 PM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से भाजपा की सांसद हेमामालिनी ने गुरुवार को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की प्रथम पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए कहा कि वह उनकी मित्र एवं राजनीति में उनको रास्ता दिखाने वाली उनकी मार्गदर्शक थीं। वे सभी को प्यार करने वाली एक विशाल व्यक्तित्व वाली महिला थीं। हेमा ने ट्विटर पर एक वीडियो क्लिप जारी कर उन्हें याद करते हुए कहा, ‘समय कितनी तेजी से बीत जाता है।

जिसका हमें एहसास भी नहीं हो पाता। सुषमा जी को हमसे विदा हुए एक वर्ष पूरा हो गया और हमें पता भी न चला।' उन्होंने कहा, ‘वे सभी को प्यार करने वाली, सभी की चिंता करने वाली और आश्चर्यजनक रूप से सभी का ध्यान रखने वाली महिला थीं। वे बड़े विशाल हृदय वाली नेता थीं। वे मुझे बहुत चाहती थीं। समय-समय पर मेरी मदद करती थीं। मेरे राजनीतिक करियर में उन्होंने मेरा हर जरूरत पर मार्गदर्शन किया। आज मुझे वे बहुत याद आ रही हैं। वे स्वभाव से बहुत गर्मजोश इंसान थीं। उनके साथ रहकर किसी की भी निराशा दूर हो जाती थी।'

Edited By

Ramkesh