UP Police के SI अजय गौड़ का शव अयोध्या की सरयू नदी में मिला, 72 घंटे से लापता दारोगा की इस हाल में मिली बॉडी, महकमे में मचा हड़कंप...
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 01:53 PM (IST)
बस्ती/अयोध्या : उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बस्ती जिले में तैनात सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ का शव अयोध्या में सरयू नदी से बरामद किया गया है। वह पिछले तीन से चार दिनों से रहस्यमयी ढंग से लापता थे। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बस्ती में तैनात थे एसआई अजय गौड़
मृतक की पहचान अजय गौड़ के रूप में हुई है, जो बस्ती जिले के परसरामपुर थाने में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात थे। 5 फरवरी की शाम वह अचानक लापता हो गए थे। उन्होंने आखिरी बार अपनी पत्नी से बातचीत की थी, इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।
यह भी पढ़ें : फिल्म जगत में फिर शोक! Border एक्टर का 68 वर्ष में हार्ट अटैक से निधन, राष्ट्रीय ध्वज ओढ़ाकर दी गई अंतिम विदाई
अमहट घाट के पास मिली लावारिस बाइक
दरोगा के लापता होने के कुछ घंटों बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के अमहट घाट स्थित पुलिस चौकी के पास उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली। इसके बाद आशंका जताई गई कि वह नदी में गिर गए होंगे। कुआनो नदी में गोताखोरों को उतारकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजन लगातार लगा रहे थे गुहार
एसआई अजय गौड़ के अचानक गायब होने से पत्नी और बच्चे बेहद परेशान थे। परिजनों ने थाने पहुंचकर खोजबीन का दायरा बढ़ाने की मांग की थी। पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी रहीं।
यह भी पढ़ें : आग का कहर! 79 मौतों के बाद भी नहीं थमा खतरा, एक ही दिन में 5 जगह लगी आग, साजिश के एंगल से जांच तेज
अयोध्या में सरयू नदी से बरामद हुआ शव
मामले में नया मोड़ तब आया जब अयोध्या में सरयू नदी से एक शव बरामद किया गया। शिनाख्त के बाद पुष्टि हुई कि शव एसआई अजय गौड़ का है। इसके बाद बस्ती और अयोध्या पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पत्नी ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका
एसआई की पत्नी ने मामले में गंभीर आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि दुबौलिया थाने में तैनाती के दौरान पुलिस कस्टडी से छूटे एक युवक की बाद में मौत हो गई थी। इसके बाद युवक के परिजनों ने उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। पत्नी का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते उनके पति के साथ अनहोनी की गई हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज में आखिरी बार एक फॉलोअर को अजय गौड़ के साथ बाइक पर देखा गया था।
यह भी पढ़ें : Industry ने खोया एक और चमकता सितारा! Rockstar का 47 साल की उम्र में निधन, इस गंभीर बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद ली अंतिम सांस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच तेज
एडिशनल एसपी श्यामाकांत ने बताया कि गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की टीमें दरोगा की सकुशल बरामदगी में लगी थीं। अब शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

