स्वामी प्रसाद का अखिलेश को दो टूक, कहा- आपको कानून-व्यवस्था पर बोलने का कोई हक नहीं

punjabkesari.in Tuesday, Feb 16, 2021 - 06:46 PM (IST)

बदायूं:  उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को लगातार घेर रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि अपने मुख्यमंत्री काल में गुंडों को संरक्षण देने वाले अखिलेश को इस मुद्दे पर बोलने का कोई हक नहीं है। मौर्य ने बदायूं में रोजगार मेला कार्यक्रम के दौरान बातचीत में कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कानून व्यवस्था पर बोलने का कोई हक नहीं है।

श्रम मंत्री ने कहा कि इसी बदायूं में एक नहीं चार-पांच घटनाएं हुईं हैं। लड़कियों के साथ दुराचार के बाद उनकी हत्या कर शव टांग दिए गए थे और सरकार जांच के नाम पर सबूत मिटाने का काम करती रही। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के कटरा सआदतगंज गांव में दो चचेरी बहनों के साथ बलात्कार कर उनके शव एक ही पेड़ पर टांग दिए जाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सीबीआई को मामले की जांच सौंपे जाने से पहले ही सारे सबूत नष्ट कर दिए गए थे। श्रम मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में गुंडे-माफिया मंच साझा करते थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास अपराधियों का अखाड़ा है। हमें उनसे कानून-व्यवस्था की सीख नहीं लेनी है।

Content Writer

Moulshree Tripathi