स्वतंत्र देव सिंह के पास संगठन स्तर पर काम करने का अच्छा अनुभव

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2019 - 09:44 AM (IST)

लखनऊः संगठन की समझ, ईमानदारी, मेहनत से काम करने की अपनी शैली और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की कला में माहिर स्वतंत्र देव सिंह के हाथ बीजेपी ने देश के सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। स्वतंत्र देव सिंह उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में परिवहन मंत्री हैं।

उत्तर प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त हुए स्वतंत्र देव हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान मध्य प्रदेश के प्रभारी थे। विधानसभा चुनाव में हालांकि बीजेपी को मध्य प्रदेश में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन पार्टी ने लोकसभा की 29 में से 28 सीटें जीतीं। सिंह की पहली परीक्षा उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में होगी, जिसमें पार्टी को जीत दिलाना उनके लिए चुनौती होगी। मूल रूप से मिर्जापुर जिले के रहने वाले सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। इसके बाद वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए।

उन्हें 1996 में युवा मोर्चा का महामंत्री और 2001 में युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। पार्टी ने उन्हें युवा मोर्चा से मुख्य धारा में लाते हुए वर्ष 2004 में उत्तर प्रदेश बीजेपी का महामंत्री बना दिया। उन्होंने महेंद्रनाथ पांडेय से प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभाली है। पांडेय अब केंद्र में मंत्री बन चुके हैं और बीजेपी की 'एक व्यक्ति एक पद' की नीति के तहत उनकी जगह सिंह को पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सिंह को अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने एक बार फिर पूर्वांचल को साधने की दिशा में कदम उठाया है।

सिंह को उत्तर प्रदेश के कुर्मी नेताओं में प्रमुख माना जाता है और उन्हें संगठन स्तर पर काम करने का अच्छा अनुभव है। बीजेपी ने 2012 के विधानसभा चुनाव में सिंह को उरई की कालपी सीट से चुनाव लड़ाया, लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पडा। सिंह ने 2014 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों में प्रमुख रणनीतिकार के तौर पर काम किया था।

Deepika Rajput