स्वतंत्र देव सिंह सपा पर साधा निशाना, अखिलेश को बताया फ्यूज बल्ब
punjabkesari.in Friday, Feb 18, 2022 - 08:23 PM (IST)
बांदा: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव फ्यूज बल्ब हैं और फ्यूज बल्ब को लोग फिर से होल्डर में नहीं लगाते। उन्होंने कहा कि भाजपा एलईडी का वो बल्ब है जिसने उत्तर प्रदेश के हर घर को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से रोशन कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बुंदेलखंड के बांदा के बबेरू, झांसी के गरौठा और उरई में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'आवास योजना में 43 लाख पक्के मकान' दिए हैं और एक करोड़ 38 लाख से ज्यादा लोगों को 'मुफ्त बिजली कनेक्शन' दिया गया है।
उन्होंने कहा कि हमने उस पक्के मकान की रसोई में उज्ज्वला का फ्री गैस कनेक्शन दिया है, जिससे कि खाना बनाते हुए हमारी बहन बेटियों की आंखों में धुआं न लगे। सिंह ने सपा राज के कानून व्यवस्था और परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में सिर्फ उनके दरबारियों और गुंडों का ही विकास हुआ है, लेकिन योगी-मोदी की डबल इंजन की सरकार ने युवाओं को रोजगार, बहन-बेटियों को कानूनी सुरक्षा और व्यापारियों के लिए व्यवसाय करने की सुविधा और आजादी दी है।