ताजनगरी आगरा में भाजपा की धमाकेदार जीत

punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2017 - 02:07 PM (IST)

आगराः ताजनगरी आगरा में एक बार फिर नगर निगम में कमल खिल गया है। यहां यू.पी. भाजपा के सह कोषाध्यक्ष और मेयर प्रत्याशी नवीन जैन ने बड़ी जीत दर्ज की है। हालांकि शुरूआत में बहुजन समाज पार्टी ने काफी बढ़त बनाई थी। 

आगरा में 13 में से 12 निकायों के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में उतरे 1,502 प्रत्याशियों के भाग्य की गिनती खबर लिखने तक जारी रही। फिरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति में सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी थी, जिसमें ताजा परिणामों में आगरा नगर निगम में भाजपा ने लगभग 60 से ज्यादा वार्ड जीत लिए। 

मेयर पद पर भाजपा ने 22 राऊंड के बाद मजबूत बढ़त बना ली थी। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी दिगंबर सिंह धाकरे शुरूआत से ही आगे चल रहे थे। 4 राऊंड के बाद बसपा और भाजपा के बीच 20 हजार से ज्यादा वोटों का अंतर था, जहां बसपा को 40,396 वोट मिले वहीं भाजपा के नवीन जैन 21,357 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 

वहीं 14वें राऊंड तक आते-आते स्थिति पलट गई। भाजपा प्रत्याशी नवीन जैन 14,000 वोटों से आगे हो गए। 22वें राऊंड के बाद नवीन जैन ने 45,000 से ज्यादा वोटों की बढ़त बना ली। ताजा परिणामों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी नवीन जैन ने 74,188 वोटों से जीत दर्ज की है। दूसरे नंबर पर बसपा के दिगंबर सिंह धाकरे रहे।