ट्रंप कर सकते हैं ताज का दीदार, अमेरिका से आई टीम ने लिया सुरक्षा का जायजा

punjabkesari.in Thursday, Jan 16, 2020 - 05:30 PM (IST)

आगराः दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत के प्रस्तावित दौरे पर आने की प्रबल संभावना दिखाई दे रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अमेरिका से आई एडवांस टीम ने आगरा एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के रास्ते का मुआयना किया। साथ ही टीम ने ताज परिसर और होटल में भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली है।

48 सदस्यीय टीम पहुंची आगरा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के संभावित भारत दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चौकस तरीके से जांची जा रही है।अमेरिका से आई 48 सदस्यीय टीम भी आगरा पहुंची। करीब पांच घंटे आगरा में रुकने के दौरान टीम ने पं. दीनदयाल एयरपोर्ट (खेरिया) से लेकर ताजमहल तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन मंत्रणा चली। राष्ट्रपति ट्रंप का विमान कहां उतरेगा? उनकी निकासी किस रास्ते से होगी? एयरपोर्ट से ताजमहल तक की दूरी। इन सवालों पर बातचीत हुई। इसके बाद शिल्पग्राम से लेकर ताजमहल तक का टीम ने पैदल निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा के मद्देनजर कमजोर बिंदुओं को परखा।

एसपी सिटी रोहन बोत्रे ने बताया कि यदि राष्ट्रपति आते हैं तो ताजमहल के आसपास का बाजार खुला रहेगा या बंद रहेगा। इसको लेकर भी बातचीत हुई। ताज के प्रवेश द्वार और उन पर सिक्योरिटी के इंतजाम, परिसर के अंदर का भी टीम ने जायजा लिया। टीम ने उनसे आगरा में होटलों की संख्या और हर होटल में कितने कमरे, इस बिंदु पर भी जानकारी ली। साथ ही होटल अमर विलास का भी एडवांस टीम ने निरीक्षण किया है।

संभावित है यात्रा, तय नहीं कब आएंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति भारत यात्रा पर कब आएंगे, अभी साफ नहीं है। माना यह जा रहा है कि वे फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह में आएंगे। उस समय मौसम भी खुशनुमा रहता है। इसी के मद्देनजर ट्रंप की यात्रा से ठीक एक महीने पहले एडवांस टीम यहां पहुंची है।

10 दिन पहले टीम डाल देगी डेरा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की सुरक्षा में तैनात दस्ता, उनकी यात्रा से 10 दिन पहले आगरा में डेरा डाल देगा। दस्ते में शामिल जवान अपने साथ अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण लेकर आएंगे और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर उस दौरान यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों के रिकॉर्ड भी चेक कर सकते हैं।

Ajay kumar