टीवी कलाकर बनाने का झांसा देकर ले गया दिल्ली और फिर...

punjabkesari.in Sunday, Dec 31, 2017 - 05:25 PM (IST)

संभलः उत्तर प्रदेश के संभल में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां युवक ने एक छात्रा को टीवी कलाकार बनाने का झांसा देकर उसे अपनी हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र की निवासी 15 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया है कि ब्रह्म बाजार में उसे नृत्य सिखाने वाला आजाद हुसैन नामक युवक मुंबई में इसे टीवी धारावाहिकों में काम दिलाने के बहाने 23 दिसंबर को अपने साथ ले गया था। लड़की के परिजन का आरोप है कि आरोपी आजाद हुसैन ने लड़की से मेलजोल बढ़ाया। इससे पहले भी वह लड़की को देहरादून लेकर गया था। वहां लड़की ने नृत्य प्रतियोगिता में पुरस्कार भी जीता था, जिससे घर के लोग उस पर भरोसा करने लगे थे।

23 दिसंबर के बाद जब उन लोगों का कुछ पता नहीं चला तो लड़की के परिजनों ने उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस थानाध्यक्ष ओमकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने छात्रा को बरामद कर आरोपी आजाद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है।