तांत्रिक के चक्कर में पड़ी दलित महिला ने गंवाई इज्जत

punjabkesari.in Sunday, May 07, 2017 - 07:27 AM (IST)

बदायूं: बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र में पति के साथ इलाज कराने आई एक दलित महिला से झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक ने उपचार के बहाने दुष्कर्म किया।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) संजय राय ने बताया कि मुजरिया थाना क्षेत्र के कमानपुर गांव में दिनेश यादव नामक कथित तांत्रिक बांझ महिलाओं का देसी जड़ी-बूटियों से इलाज का दावा करता था। शुक्रवार को पास के एक गांव की एक महिला अपने पति के साथ उसके पास दवा लेने पहुंची थी।

उन्होंने बताया कि शादी के 5 साल गुजर जाने के बावजूद नि:संतान होने से दुखी उस महिला का आरोप है कि आरोपी तांत्रिक ने उसके पति को दूर बैठा दिया और इलाज के बहाने उसे जंगल में स्थित एक झोंपड़ी में ले गया और उससे दुष्कर्म किया।

राय ने बताया कि चंगुल से छूटने के बाद महिला अपने पति के पास पहुंची और पूरी घटना के बारे में बताया। पीड़ित दम्पति आरोपी तांत्रिक को इलाज कराने के बहाने से सहसवान ले आए, जहां उसे पुलिस के हवाले कर दिया।