SP का बीजेपी पर निशाना, कहा- अब अच्छे दिन वाला नारा सुन आक्रोशित हो जाते हैं लोग

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2018 - 11:10 AM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर जोरदार निशाना साधा है। सपा ने कहा है कि भाजपा का अच्छे दिन लाने वाला वादा और नारा अब जनता में आशा नहीं, हताशा और आक्रोश पैदा कर रहा है। किसान बदहाल है, नौजवान बेरोजगार है और महिलाएं असुरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश में अराजकता है और अपराधी तत्व पुलिस तंत्र पर हावी हो रहे हैं। समाज का हर वर्ग, विशेषकर मध्यमवर्ग बुरी तरह परेशान है।

खुशहाली लाने में भाजपा पूरी तरह असफल- राजेंद्र चौधरी 
सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि समाज के कमजोर तबके के लोगों की जिंदगी में खुशहाली लाने में भाजपा पूरी तरह असफल रही है। ग्रामीण भारत को समृद्ध करने का उसके पास कोई एजेंडा नहीं है। किसान की आय दुगनी करने की बात सिर्फ बहकावा है। आलू किसान, गन्ना किसान बर्बाद हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

समाज के हर वर्ग में आक्रोश है- राष्ट्रीय सचिव
राष्ट्रीय सचिव इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने दावा किया है कि देश की और सूबे के जनता भाजपा की दिखावटी राजनीतिक शोशेबाजी से बुरी तरह ऊब चुकी है। समाज के हर वर्ग में आक्रोश है। गोरखपुर और फूलपुर में होने वाले उपचुनावों में भाजपा को करारा जवाब देने का मन मतदाताओं ने बना लिया है और जनता सपा की सरकार में हुए काम और योगी सरकार में बिगड़े माहौल पर अपना मत उपचुनाव में देगी।

कृषि अर्थव्यवस्था के सुधार में कोई कदम नहीं उठाया 
राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कृषि अर्थव्यवस्था में सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार में 75 प्रतिशत बजट खेती-किसान के लिए रखकर एक सराहनीय पहल की थी। किसानों की कर्जमाफी के साथ मुफ्त सिंचाई, फसल बीमा, आपदा राहत जैसी सुविधाएं दी थी, पर भाजपा विकास विरोधी मानसिकता की सरकार है। अपने ग्यारह महीने के कार्यकाल में वह जनहित की एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। अब तक उसका समय महोत्सवों में भागीदारी और उद्घाटनों का उद्घाटन करने में ही बीत गया है।