नागपुर से अगवा किशोरी नोएडा में बरामद, पुलिस ने UP महिला हेल्पलाइन पर मांगी थी मदद

punjabkesari.in Tuesday, Mar 02, 2021 - 01:18 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव में बहनोई ने किशोर का कथित अपहरण कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उधर, थाना सेक्टर 20 पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से अगवा एक किशोरी को नोएडा के सेक्टर 15 से बरामद किया है। थाना सेक्टर 49 के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरौला गांव निवासी श्याम सुंदर मोची ने अपने 14 वर्षीय बेटे को अगवा करने का आरोप लगाते हुए दामाद अमरजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, थाना सेक्टर 20 पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से अगवा एक किशोरी को नोएडा के सेक्टर 15 से बरामद किया है। नागपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश की महिला हेल्पलाइन पर नोएडा पुलिस से मदद मांगी थी। थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि नागपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश की महिला हेल्पलाइन पर सूचना दी कि उनके यहां से अगवा किशोरी को आयुष नामक युवक नोएडा के सेक्टर 15 में लेकर छिपा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 20 पुलिस ने नोएडा के नयाबास गांव में छापा मारा तथा आयुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि नोएडा पुलिस ने नागपुर पुलिस को सूचना दे दी है। वहां से पुलिस टीम नोएडा के लिए रवाना हो गई है।

Content Writer

Ramkesh