जनता को मोदी सरकार की नाकामियों, वादाखिलाफी के बारे में बताएं कार्यकर्ता : प्रियंका

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2019 - 01:15 PM (IST)

रायबरेलीः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की नाकामियों और वादाखिलाफी के बारे में बताने का आह्वान किया है। प्रियंका ने बृहस्पतिवार शाम को भुएमऊ गेस्ट हाऊस में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और कहा ‘‘इस बार चुनाव आप लोग लड़ेंगे। मुझे पूरा प्रदेश देखना है।’’ 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार की नाकामियों के बारे में जनता को बताएं। इस बैठक में शामिल रहे कांग्रेस की जगतपुर ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह राना ने शुक्रवार को बताया कि मुलाकात के दौरान एक कार्यकर्ता ने प्रियंका से रायबरेली से चुनाव लड़ने को कहा। इस पर प्रियंका ने हंसकर कहा ‘‘तो फिर मैं बनारस से ना लड़ जाऊं।’’ 

प्रियंका ने सदर, हरचंदपुर, ऊंचाहार, सरेनी और बछरावां विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। हर विधानसभा क्षेत्र से 500 कार्यकर्ता आए थे। इसके अलावा उन्होंने जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी मुलाकात की। प्रियंका से मुलाकात के लिए गेस्ट हाऊस में देर रात तक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस महासचिव सुबह अयोध्या के लिए रवाना हो गईं।

Ruby