पत्रकार की पिटाई पर अखिलेश का योगी सरकार पर निशाना- नाकामियों को छुपाने के लिए पत्रकारों की आवाज दबा रही BJP

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2019 - 08:21 AM (IST)

लखनऊ: शामली में पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा सरकार का आचरण नितांत अलोकतांत्रिक है। यादव ने कहा कि अपनी नाकामियों को छुपाने और विपक्ष की आवाज को दबाने में भाजपा सरकार तानाशाही रवैये पर उतर आई है।

शामली में बेपटरी मालगाड़ी की कवरेज में गए पत्रकार अमित शर्मा के साथ अमानवीय बदसलूकी की जितनी निंदा की जाए कम है। पत्रकार को हिरासत में पीटने के साथ उसका कैमरा भी तोड़ दिया गया। हद तो तब हो गई जब उसके मुंह पर पेशाब तक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जीआरपी सिपाहियों की यह करतूत बताती है कि सरकार का अपने ही अधीनस्थ बलों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। सत्ता के मद में चूर कर्मियों ने संवेदनहीनता की पराकाष्ठा प्रदर्शित की है। उनका निलम्बन कोई सजा नहीं है।

यादव ने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा सरकार का आचरण नितांत अलोकतांत्रिक है। स्वतंत्र पत्रकारिता से चिढ़ उसके स्वभाव में है। पहले भी उसका ऐसा व्यवहार रहा है। उसके कदम फिर से मनमानी की ओर बढ़ते दिख रहे है।

Anil Kapoor