BJP विधायक ने मनोज सिन्हा पर साधा निशाना, कहा- रेल मंत्री का पद किसी की बपौती नहीं

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2019 - 10:07 AM (IST)

देवरिया: पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया में ट्रेन का संचालन शुरू ना करने से खफा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जनमेजय सिंह ने कहा कि रेल मंत्री पद किसी की बपौती( पुशतैनी) नहीं होती है। आज कोई है तो कल कोई और होगा।  

दरअसल, देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने स्वाचालित सीढ़ी का शिलान्यास किया था। इस कार्यक्रम में मिश्र के संबोधन के बाद देवरिया सदर विधायक जनमेजय सिंह ने बगैर नाम लिए रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘ रेल मंत्री पद किसी की बपौती नही है आज कोई है कल दूसरा होगा,हमारा भी मंत्री होगा। भाजपा विधायक ने कहा ‘‘ चुनाव सर पर है,यह काम पहले हो गए होते जो यहां पिछले एक दो महीने में हुए है, तब कुछ और स्थिति होती चुनाव की ,लेकिन उनके दल के ही लोगों ने विरोध किया किया कि देवरिया संसदीय क्षेत्र में कोई काम न हो ,इसका बहुत दुख है । ’’ 

उन्होंने कहा कि गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को स्थानीय सांसद कलराज मिश्र ने गोरखपुर के बजाय देवरिया के भटनी स्टेशन से चलाने की रेल मंत्रालय से गुजारिश की थी। इसके लिए उन्होंने कई बार पत्राचार किया लेकिन ट्रेन यहां से नहीं चलाया गया। भड़के विधायक ने कहा ‘‘ ट्रेन अभी देवरिया से नहीं चलाया गया लेकिन वो भी काम जल्द होगा।

 

Ruby