झाड़ियों में मिली 17 साल की लड़की की सेमी न्यूड बॉडी; शरीर पर चोट के निशान, रेप के बाद हत्या की आशंका
punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 03:18 PM (IST)

कौशांबी: यूपी के कौशांबी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर एक 17 साल की लड़की की हत्या कर उसका शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। झाड़ियों में उसका शव अर्धनग्न हालात में मिला। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है।
जानिए पूरी घटना
यह घटना कड़ाधाम कोतवाली क्षेत्र के सोरई बुजुर्ग गांव की है। यहां पर युवती का सेमी न्यूड शव मिला है। बताया जा रहा है कि मरने वाली लड़की मजदूरी का काम करती थी। गुरुवार सुबह वो अपने घर से मजदूरी के पैसे लेने के लिए नवाब नामक व्यक्ति के घर गई थी। लेकिन शाम होने तक भी वो घर नहीं लौटी। जिसके बाद उसके परिजन काफी परेशान हो गए। परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जिसके बाद एक चरवाहे ने गांव के बाहर झाड़ियों में लड़की की लाश और पास में पड़ी उसकी साइकिल बरामद की।
शरीर पर थे चोट के निशान
लड़की की लाश मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और लड़की के शव को कब्जे में ले लिया। लड़की के शरीर पर आधे कपड़े थे। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। अर्धनग्न हालात में शव होने की वजह से पुलिस ने रेप की आशंका जताई है। शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले में जांच की जा रही है। पूरी जांच के बाद इस हत्या का खुलासा होगा।