कब्र खोदकर निकाला गया एक साल पहले दफनाई महिला का शव, वजह जान रह जाएंगे हैरान

punjabkesari.in Friday, Feb 12, 2021 - 10:55 AM (IST)

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में जिलाधिकारी के आदेश से एक महिला के शव को 1 साल बाद कब्र से बाहर निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के परिजनों ने मृतका के ससुराल पक्ष पर उसे प्रताड़ित करने व उन्हें बिना सूचना दिए ही उसका अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया था। जिसके चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में महिला के शव को कब्र से बाहर निकाल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जानकारी मुताबिक मामला जनपद की नगर कोतवाली क्षेत्र के बसंत नगर मोहल्ले का है। जहां रफीक नाम के एक व्यक्ति की पत्नी जरीन की प्रसव के दौरान 20 फरवरी 2020 में मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने मृतका के ससुराल पक्ष के ऊपर उसको प्रताड़ित करने व उन्हें बिना जानकारी दिए उसका अंतिम संस्कार कर देने का आरोप लगाते हुए धारा 313,304b,498a  IPC व 3/4 BPC के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

बता दें कि इस मामले में आज जिलाधिकारी के आदेश से सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस की मौजूदगी में उसके शव को कब्र से खोद कर बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जहां डॉक्टरों का एक पैनल शव का पोस्टमार्टम करके उसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगा। जिसके बाद इस पूरी मामले की विवेचना की जाएगी।

Content Writer

Anil Kapoor