घर के बाहर खेल रहा किशोर अचानक हुआ गायब, इस हालत में बहन की गोद में तोड़ा दम

punjabkesari.in Thursday, Apr 12, 2018 - 02:37 PM (IST)

बुलन्दशहरः उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बुलन्दशहर जिले का है। यहां घर के बाहर खेल रहा 12 साल का किशोर अचानक गायब हो गया। कुछ देर बाद गंभीर अवस्था में किशोर अपनी बहन की गोद में गिर गया। बच्चे का गला रेता गया था। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मामला खुर्जा नगर कोतवाली की जंक्शन चौकी क्षेत्र के सौंदा हवीबपुर का है। यहां घर के बाहर खेल रहा 12 साल का शिवम अचानक से गायब हो गया। वहीं कुछ देर बाद गंभीर अवस्था में शिवम घर की ओर आया। शिवम के हाथ पैर बांधे गए थे, और उसका गला रेतकर उसे मारने की कोशिश की गई थी। तभी परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तभी मृत शिवम के परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके से हत्या के साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं परिजनों ने गांव के 2 लोगों पर गला रेतकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि 12 साल के शिवम ने किसी का क्या बिगाड़ा होगा जो हत्यारों ने शिवम की बेरहमी से हत्या कर डाली ?

Punjab Kesari