नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुई हिंसा के बाद यूपी में माहौल शांत

punjabkesari.in Tuesday, Dec 24, 2019 - 01:21 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 19 दिसंबर से शुरू हुआ हिंसक प्रदर्शन अब थम गया है तथा आज मंगलवार को पूरे राज्य में पूरी शांति है और जनजीवन सामान्य हो गया है। स्कूलों में आज तक छुट्टी है जबकि क्रिसमस को लेकर कल से ऐसे ही स्कूल बंद किये जा रहे हैं।

सोमवार को प्रदेश में शांति रही आज मंगलवार को जनजीवन पूरी तरह से सामान्य हो गया। इसबीच मेरठ और फिरोजाबाद में दो घायलों ने दम तोड़ दिया। इससे राज्य में मृतकों की संख्या बढ़ कर अब 21 हो गई है। उपद्रव में मेरठ में छह और फिरोजाबाद में चार लोग मरे हैं। पुलिस माहौल बिगाडऩे वालों पर शिकंजा कस रही है।

राज्य में राजधानी लखनऊ ,गोरखपुर समेत कई जगहों पर उपद्रव करने वालों के पोस्टर लगाये गये हैं। अब तक दो हजार पांच सौ से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पांच हजार से ज्यादा लोगों को ऐहतियात के तौर पर पकड़ा गया है।
 

Tamanna Bhardwaj