करीब नौ करोड़ रूपये की चाय पी गए अखिलेश के मंत्री

punjabkesari.in Monday, Aug 29, 2016 - 08:02 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौजूदा अखिलेश यादव सरकार के मंत्रियों के चाय नाश्ते पर पिछले चार सालों में 8 करोड़ 78 लाख 12 हजार 474 रूपये खर्च किये गये। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरूण कुमार कोरी चाय में खर्च करने वाले मंत्रियों में अव्वल रहीं। उन्होंने पिछले चार सालों के दौरान 22 लाख 93 हजार 800 रूपये खर्च किये जबकि बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने चाय पानी में 22 लाख 85 हजार 900 रूपये खर्च किये। 
 
शहरी विकास राज्य मंत्री मोहम्मद आजम खां इस मामले मे तीसरी पायदान में रहे। उन्होंने पिछले चार साल में 22 लाख 86 हजार 620 रूपये खर्च किये। राज्य विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुरेश कुमार खन्ना द्वारा पूछे गये सवाल पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले सप्ताह लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
 
अखिलेश यादव द्वारा दिया गया ब्योरा 15 मार्च 2012 से इस साल 15 मार्च के बीच की अवधि का है। मुख्यमंत्री ने अपने जवाब में स्पष्ट किया है कि एक मंत्री राज्य की सीमा के भीतर स्वाल्पाहार के लिये प्रतिदिन 2500 रूपये खर्च कर सकता है और राज्य के बाहर अपने कर्तव्यपालन के दौरान उसे चाय नाश्ते पर 3000 रूपये प्रतिदिन खर्च करने का अधिकार है। 
 
सपा सरकार से पिछले साल अक्टूबर में निष्कासित किये गये पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया ने अपने कार्यकाल के दौरान 21 लाख 93 हजार 900 रूपये स्वाल्पाहार में खर्च किये। इस मामले में महिला कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सादाब फातिमा सबसे किफायती साबित हुयी। उन्होने अपने अब तक के करीब एक साल के कार्यकाल में चाय नाश्ते पर मात्र 72 हजार 500 रूपये खर्च किये। इस अवधि में स्वाल्पाहार में 21 लाख रूपये से ज्यादा खर्च करने वाले मंत्रियों में आबकारी मंत्री रामकरन आर्य, जलसंसाधन मंत्री जगदीश सोनकर शामिल हैं।