ताज का दीदार हुआ महंगा, देना पड़ेगा अब इतना शुल्क

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2018 - 01:21 PM (IST)

आगराः  ताजनगरी आगरा का ताजमहल दुनिया के सात अजूबों में से एक है। जिसे देखने के लिए देश-विदेशों से लोग आते हैं। लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि अब ताज का दीदार  01 अप्रैल से महंगा हो जाएगा। जिसके लिए पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने सोमवार आगरा में एएसआई और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में मीटिंग की। 

जानकारी के मुताबिक ताजमहल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ताज का दीदार  01 अप्रैल से महंगा किया जा रहा है। इस संदर्भ में एएसआई ने भी मंत्रालय को टिकट महंगा करने का प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव में ताज प्रवेश शुल्क के रुप में 50 रूपए लिए जाएंगे। वहीं मुख्य गुंबद तक जाने वाले पर्यटकों से 200 रूपए का टिकट वसूला जाएगा। जिसकी अवधि 3 घंटे होगी। यह सब 1 अप्रैल तक लागू हो सकता हैं।

बताया जा रहा है कि ताजमहल के दक्षिणी गेट पर प्रवेश को अब बंद किया जाएगा। दक्षिणी गेट को बंद करने का भी प्रस्ताव आगरा में पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और सीआईएस ने पर्यटन मंत्रालय को भेजा दिया है। दक्षिणी गेट को बंद करने का प्रस्ताव इमारत की सुरक्षा के मद्देनजर भेजा गया है।