संविधान बचाने के नाम पर हिंसा और पथराव कर देश को किया जा रहा गुमराहः कलराज मिश्र

punjabkesari.in Monday, Feb 10, 2020 - 11:56 AM (IST)

जौनपुरः निजी कार्यक्रम में पहुंचे राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाने वाले लोग ही बोल रहे हैं कि संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दुर्भाग्य से ऐसा कहने वालों में बुद्धिजीवी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक अधिकार की बातें बहुत हुई हैं। अब जरूरत है कि लोगों को उनका संवैधानिक कर्तव्य बताया जाए। कर्तव्य का बोध कराने से राष्ट्र प्रेम जागेगा, राष्ट्र भक्ति बढ़ेगी और लोग राष्ट्र विरोधी काम करने से पहले सोचेंगे।

राष्ट्रविरोधी हरकतों से देश कमजोर होता है
बता दें कि मिश्र बड़े भाई की पौत्रवधू को आशीर्वाद देने मडियाहू के रामाज्ञा इंटर कॉलेज में आयोजित आशीर्वाद एवं प्रीतिभोज समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। जहां उन्होंने कहा कि सही बात को गलत बात बता कर संविधान बचाने के नाम पर हिंसा और पथराव कर देश को गुमराह किया जा रहा है। संविधान में बताये गए कर्तव्यों को जानना जरूरी है। इसकी जानकारी नहीं होने से ही लोग राष्ट्र विरोधी तथा कानून को बाधित करने का काम कर रहे हैं। वे संसद से पारित कानून को भी नहीं मान रहे हैं। ऐसा करने से केवल  देश कमजोर होता है जो ठीक नहीं है।

संसद द्वारा बनाए गए कानून का पालन करना सभी राज्यों का दायित्व है
उन्होंने कहा कि संविधान जानने वाला संवैधानिक कामकाज में बाधा या किसी धर्म मे विभेद नहीं पैदा करता है। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा बनाए गए कानून का पालन करना सभी राज्यों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार और कर्तव्य का सामंजस्य बनाकर सभी लोग पालन करें तभी संविधान की रक्षा होगी। राजनीतिक सवाल पर चर्चा से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि संसद से पारित कानून का विरोध करना गलत और असंवैधानिक है ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static