देश आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर: राजनाथ

punjabkesari.in Sunday, Feb 18, 2018 - 09:16 AM (IST)

बरेली: केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। देश शीघ्र ही दुनिया की 5 आर्थिक महाशक्तियों में से एक होगा। सिंह ने दावा किया कि भारत वर्ष 2030 तक आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश की पहचान एक बार फिर विश्व गुरु के रूप में बनेगी। विश्व गुरु के सान्निध्य आने से दुनिया विकास करेगी एवं संस्कारवान बनेगी।

केन्द्रीय गृहमंत्री महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के 44वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए युवाओं के लिए काम करना होगा। देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए अभी बहुत काम करने बाकी हैं। देश की अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों को ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लेना होगा ताकि विश्व गुरु बनने से कोई उसे रोक न पाए। उन्होंने इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है, वह दुनिया में किसी से छिपा नहीं है।

दुनिया के वैज्ञानिकों ने भारत का लोहा माना है लेकिन पिछली सरकारों ने नौजवानों को इनफीरिटी काम्पलैक्स में डालकर हतोत्साहित कर दिया। साथ ही दिशाहीन संस्कार देकर भारत को पीछे कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।