बैंक में चोरी करने आया बदमाश धराया, जमकर हुई पिटाई

punjabkesari.in Tuesday, Jan 28, 2020 - 02:17 PM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सिकरारा थाना क्षेत्र के खपरहा बाजार स्थित काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक में चोरी करने आए बदमाश को लोगों ने सोमवार को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। वहीं पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे लोगों से छुड़ाकर थाने लाई। पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल बदमाश के दो साथी फरार बताए जा रहे हैं।

बता दें कि बाजार में राज बहादुर सिंह के मकान में दूसरे ताल पर गोमती ग्रामीण बैंक की शाखा है। दोपहर में जब राजबहादुर के कर्मचारी अमरनाथ छत पर गए तो देखा कि एक व्यक्ति ऊपर कोने में दुपक कर लेटा है। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो वह पीछे से कूदकर भागने लगा। शोर सुनकर भीड़ ने उसे दौड़ाकर सौ मीटर दूर पकड़ लिया। बाजार वासियों ने उसकी वहीं पिटाई शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक उसकी हजामत करने के बाद पुलिस को फोन किया गया।

इस मामले में एसपी संजय राव ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में पता चला कि चोर के दो साथी फरार हो गए हैं। वहीं उसने स्वयं कबूल किया है कि वह बैंक में चोरी के लिए आया था। रात होने के इंतज़ार में छत पर दुबक कर लेटा हुआ था। इसी बीच उसे पकड़ लिया गया।उसके पास से रिवाल्वर, आरी, लोहे की रॉड आदि हथियार पुलिस ने बरामद किया है। संगीन धाराओं में उसे जेल भेजा जा रहा है।

 

 

 

Ajay kumar