बहराइच हिंसा: मृतक के अंतिम संस्कार में जुटी भीड़ ने किया आगजनी, बाइक शोरूम में लगाई आग...जिले में इंटरनेट सेवा बंद

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2024 - 01:21 PM (IST)

बहराइच हिंसा: यूपी के बहराइच जिले में रविवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुई हिंसा में 22 वर्षीय एक युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। उसके अंतिम संस्कार के दौरान फिर से हिंसा हो गई है, जिसमें भीड़ ने कई बाइक और बाइक एजेंसी और एक अस्पताल को  आग के हवाले कर दिया है। फिर से हिंसा होना पुलिस प्रशासन की एक नाकामी के रूप में देखा जा रहा है। क्योंकि आगजनी होने के बाद भी आग पर काबू पाने का पुलिस के द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया। वहीं बिगड़ते हालात को देखते हुए पूरे जिले में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। 
PunjabKesari
बता दें कि इस हिंसा में जान गंवाने वाले रामगोपाल मिश्रा का पोस्टमार्टम सुबह साढ़े तीन बजे के बाद शुरू हुआ। पोस्टमार्टम सुबह सात बजे पूरा हुआ। इसके बाद शव उनके घर की तरफ रवाना किया गया। मृतक का शव उसके घर पहुंच चुका है। हजारों की भीड़ जमा हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भारी पुलिस बल भी तैनात है।

हिंसा में 12 से ज्यादा लोग हुए घायल
बता दें कि यह मामला जिले के हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार का है, जहां पर बाजार निवासी अब्दुल हमीद के घर के सामने से निकल रहे जुलूस में लोग जयकारा लगा रहे थे। इसी दौरान मूर्तियों पर लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बीच ही उपद्रवियों ने गोली चला दी। गोली लगने से रेहुआ मंसूर गांव निवासी राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। वहीं, हिंसा के दौरान सुधाकर तिवारी (45), सत्यवान (40), अखिलेश वाजपेयी (55) विनोद मिश्रा (60), लाल विश्वकर्मा (55) समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकांश लोग निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। मृतक का शव घर पहुंच गया है।

क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू के हालात
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। देर रात तक प्रदर्शन और जगह-जगह आगजनी होती रही। आज मृतक का शव घर पहुंचा, इस दौरान भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और कुछ लोगों में बहस भी हुई। पुलिस का बंदोबस्त मौजूद है। इस घटना के बाद क्षेत्र में अभी भी तनाव व्याप्त है। महराजगंज और महसी इलाके के निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Related News

static