CO की डॉक्टर पत्नी का सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला शव: 4 महीने पहले लखीमपुर में की थी लव मैरिज, सीओ मौके से फरार

punjabkesari.in Friday, Apr 01, 2022 - 03:53 PM (IST)

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में तैनात पुलिस उपाधीक्षक की डॉक्टर पत्नी की शुक्रवार को सरकारी आवास में फंदे से शव लटकता मिला। पुलिस लाइन के सरकारी आवास में शव मिलने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा। इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। वह बीएमएस की छात्रा भी थी।       


हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस
पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक शिवम मिश्रा के आवास में उनकी पत्नी मोनिका पांडेय (30) का शव पाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों ने 4 महीने पहले 7 दिसंबर 2021 को लखीमपुर खीरी में कोर्ट मैरिज किया था। प्रथम द्दष्टया मृतका द्वारा पंखे से लटक कर आत्महत्या करना बताया गया है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि उन्होंने आत्महत्या की है या उनकी हत्या की गई है।

लखीमपुर की रहने वाली थी मोनिका, लखनऊ से कर रही थी BMS
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोनिका BMS की छात्रा थी। लखनऊ के मेडिकल कॉलेज से BMS कर रही थी। वह लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ की रहने वाली थी। पिता का नाम राकेश पांडे था। उनकी मृत्यु हो चुकी है। परिवार में इस समय मां और भाई है। SP ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। वह आ रहे हैं। जैसी तहरीर देंगे। पीएम रिपोर्ट आएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CO कहां हैं? अफसर यह भी नहीं बता रहे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से ही CO शिवम मिश्रा को उनके सरकारी आवास से हटा दिया गया है। पुलिस उनको कहां ले गई है, अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। कहा जा रहा है, मामला अधिकारी से जुड़ा होने के कारण पुलिस दबाने का प्रयास कर रही है।

Content Writer

Mamta Yadav