डीजे पर डांस करने से मना करना पड़ा भारी, युवक की गोली मारकर हत्या

punjabkesari.in Saturday, Apr 24, 2021 - 12:41 PM (IST)

बरेली: उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में डीजे पर डांस करने से मना करने पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी यतींद्र सिंह नागर ने शुक्रवार को बताया कि पचपेड़ा गांव के डूंगर प्रसाद की पुत्री की शादी में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। वहां डीजे भी चल रहा था। विवाह समारोह में गांव में चंद्रपाल के पुत्र भारत और नरेंद्र भी शामिल थे।

डीजे पर डांस को लेकर भारत (19) का एक युवक से झगड़ा हो गया। भारत ने डान्स करने से रोका तो युवक ने अवैध तमंचे से गोली मार दी। गोली चलते ही वहाँ हड़कंप मच गया। गोली लगने के बाद भारत ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता चंद्रपाल की तहरीर पर हरेंद्र उर्फ पाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। 

 

 

Content Writer

Umakant yadav